पुलिस ने आईएएस के नाम पर अपने नाम का प्रयोग कर क्षेत्र में वाहवाही लूटने एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा समारोह में सम्मान पाने वाले एक युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
बता दें कि प्रदीप कुमार यादव वासी खातोदडा, जो कुछ दिन पहले यादव धर्मशाला में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास होने के उपरांत सम्मानित हुआ था। पुलिस जांच में सारा मामला सामने आ गया।
पिछले दिनों हुई संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्रदीप ने 343वीं रैंक प्राप्त की थी, लेकिन जांच में सामने आया कि जिस प्रदीप कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 343वीं रैंक हासिल की है, वह प्रदीप तमिलनाडु से है। जबकि इस परीक्षा में प्रदीप खातोदड़ा ने 343वीं रैंक हासिल नहीं की। जिसने यह रैंक हासिल की है, उसके नाम पर अपना नाम जोड़कर मीडिया व समाज में वाहवाही लूट रहा था।
मामले की जांच की गई है। जांच में जिस प्रदीप ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता पाई है, वह कन्या कुमारी के तमिलनाडु से संबंधित है। आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। - अश्वनी कुमार, थाना प्रभारी।