नांगल चौधरी। थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसे न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ करेगी। आरोपियों ने साजिशन युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की थी।
नांगल चौधरी थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी विजय ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह करीब 15 साल पहले रांची से एक युवती को शादी करके लाया था। आपसी मन मुटाव के कारण वह चार वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद वह नांगल चौधरी में मनीष नामक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। इसलिए उसने अपने साथी बलवंत के साथ साजिश रचकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
इस मामले में रांची की युवती ने नांगल चौधरी थाने में दो नामजद लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन उक्त मामले पर संज्ञान में लेते हुए रात को मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को हत्या के आरोपितों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने हत्या की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपित को सोमवार रात को नांगल चौधरी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया जोकि भागने की फिराक में था।