हरियाणा के महेंद्रगढ़-नारनौल के नांगल चौधरी खंड के गांव गांवडी जाट में ट्राला की चपेट में आने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला भी अनियंत्रित होकर खेत में घुस गया। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए और घायल को नारनौल के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजन राजेश कुमार ने बताया कि उसके ताऊ रामनिवास रोजाना सुबह पक्षियों को दाना डालने के लिए गांव में स्थित सईद बाबा के मंदिर जाते थे। बुधवार को भी रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे मंदिर जा रहा थे। इस दौरान मार्ग में निजामपुर की तरफ से आ रहे एक ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद अनियंत्रित होकर ट्राला खेत में घुस गया। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी। वहीं घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।