धरने पर बैठे शारीरिक शिक्षक। संवाद
- फोटो : Narnol
सेवा बहाली की मांग के लिए अनशन पर बैठे शारीरिक शिक्षकों ने अपना क्रमिक अनशन मंगलवार को चितवन वाटिका में जारी रखा। संघर्ष समिति के राज्य कार्यकारिणी सदस्य हुनेश कुमार ने बताया कि सरकार की वादाखिलाफी के चलते राज्य कार्यकारिणी ने 9 जनवरी को यमुनानगर में शिक्षामंत्री का घेराव कर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादे को याद दिलाने के लिए बड़ी रैली का आयोजन करने का फैसला लिया है। जिसके लिए पूरी रूपरेखा राज्य कार्यकारिणी द्वारा तैयार की जा चुकी है।
धरने की अध्यक्षता कर रहे शारीरिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला प्रधान कमल सिंह ने बताया कि चयन आयोग द्वारा की गई गलती के कारण बर्खास्तगी का दंश झेल रहे पीटीआई अध्यापकों के अनशन को 569 दिन बीत चुके हैं लेकिन द्वेषपूर्ण राजनीति के चलते मौजूदा सरकार उनकी मांगों को लेकर जरा भी गंभीर नजर नहीं आ रही है। जिससे पीटीआई अध्यापकों में मौजूदा सरकार के प्रति रोष व्याप्त है । उन्होंने बताया कि गत वर्ष 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने पीटीआई अध्यापकों के प्रतिनिधि मंडल से हुई मुलाकात में वायदा किया था कि किसी भी पीड़ित पीटीआई अध्यापक के घर का चूल्हा नहीं बुझने दिया जाएगा और जल्द ही पीटीआई अध्यापकों को विभाग में समायोजित कर दिया जाएगा । लेकिन 15 महीने से भी ज्यादा का समय बीत चुका है सरकार द्वारा पीटीआई अध्यापकों के समायोजन संबंधी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।