ठगी के शिकार हुए नांगल माला गांव के मुकेश के 99 हजार रुपये वापस मिल गए हैं। पीड़ित ने साइबर क्राइम के ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारनौल स्थित साइबर सेल की टीम के पास पहुंची थी।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने बताया कि साइबर सेल को ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर सहायता करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत करने के बाद पुलिस द्वारा तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की गई, जिससे पीड़ित के पैसे वापस आ गए। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई कर जालसाजों को गिरफ्तार किया जाएगा। जानकारी के लिए मुकेश के पास दो सप्ताह पहले अज्ञात नंबर से फोन आया और उसके जानपहचान वाला बताकर पैसे भेजने की बात कहकर झांसे में ले लिया था। पेटीएम के माध्यम से लिंक भेजकर 99 हजार रुपये निकाल लिए थे। एसपी चंद्रमोहन ने कहा कि टीम ने मामले की जांच की और संबंधित बैंक व कंपनी से संपर्क कर पीड़ित के पैसे वापस दिलवा दिए। साइबर सेल की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनियों से संपर्क करके पीड़ित के करीब 99 हजार रुपये वापस दिला दिए।