मुख्यमंत्री के उड़नदस्ते ने अटेली कस्बे में दुकानों पर छापे मारकर कुट्टू का आटा व साबूदाने के सैंपल लिये। उड़नदस्ते ने दो दुकानों के सैंपल लिये जिनको जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
बता दें कि इस समय नवरात्र चल रहे हैं। श्रद्धालु माता रानी के व्रत रख रहे हैं और फलहार के रूप में कुट्टू का आटा से बनी पूरी तथा साबूदाने का प्रयोग करते हैं। इस दौरान प्रदेश में मिलावट के केस सामने आ रहे हैं। ऐसे में उड़न दस्ते के निरीक्षक सूबेसिंह, उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक दीपक चौधरी की टीम ने अटेली कस्बे में मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों पर कार्रवाई की। जिसमें महासर माता ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर 36 किलो कुट्टू का साबूदाना बरामद हुआ जिसके सैंपल लेकर कार्रवाई की। वही दूसरी दुकान गुलजारी मल पंसारी की दुकान से कुट्टू का आटा बरामद किया गया उसका भी सैंपल लेकर सील किया गया ताकि लैब में जांच कराकर मिलावट का खुलासा किया जा सके। उड़नदस्ते की टीम के साथ गुप्तचर विभाग के हवलदार पवन कुमार व सिपाही बलजीत सिंह भी उपस्थित रहे।