नारनौल। दीपावली के बाद एक बार फिर हरियाणा एनसीआर और विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ वायु प्रदूषण के आगोश में आ गया है। सोमवार को जिला की वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ोतरी के साथ 253 पर पहुंच गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में दीपावली त्योहार पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। जिसके चलते हरियाणा एनसीआर दिल्ली के साथ जिला महेंद्रगढ़ की आबोहवा खराब स्थिति में पहुंच गई है। हालांकि पिछले 9-10 नवंबर को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तेज गति की हवाओं और हल्की बारिश बूंदाबांदी ने वायु प्रदूषण को समाप्त कर दिया था। जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में काफी सुधार देखने को मिला, मगर जैसे ही मौसम प्रणाली पश्चिमी क्षेत्र से आगे निकलने व हवाओं की दिशा बदलाव होने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। मगर दीपावली पर्व पर हुई आतिशबाजी ने हरियाणा एनसीआर दिल्ली की हवाओं को जहरीला बना दिया है। दीपावली पर्व पर जिला का वायु गुणवत्ता सूचकांक 150 और 160 के मध्य रहा। जबकि दीपावली की रात्रि बाद सोमवार को हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 253 पर पहुंच गया है। आतिशबाजी और पटाखों ने प्रदूषण का लेवल फिर बढ़ा दिया है। जिससे चारों तरफ धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। साथ ही सुबह के दौरान हल्की धुंध कोहरा देखने को मिलेगा। अगर हवाएं में गति नहीं होती है तो वायु गुणवत्ता सूचकांक में बढ़ोतरी होगी।