नारनौल में खल-बिनौलो की दुकान में आग लगने से बड़ी घटना हो गई। इस घटना में दुकान में सो रहे पांच पल्लेदारों में दो की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई थी।
नारनौल की पुरानी अनाज मंडी में रात को खल-बिनौला की दुकान में आग लग गई। इस आगजनी की घटना में करीब 25 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। दुकान में सो रहे पांच पल्लेदारों में दो की मौत हो गई, वही एक पल्लेदार की गंभीर हालत होने से रोहतक रेफर किया गया है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार नारनौल की पुरानी अनाज मंडी में हंसराज शिवकुमार के नाम से खल बिनौलों की दुकान है। जिसमें बुधवार रात करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई । जिसके बाद दमकल केंद्र से पांच गाड़ी आगजनी की घटना पर काबू पाने के लिए मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आगजनी पर काबू पाया। लेकिन आग पर काबू पाने से पहले करीब 25 लाख रुपए का सामान जल कर राख हो गया।
पांच पल्लेदार सो रहे थे दुकान के अंदर
दुकान के अंदर पांच पल्लेदार सो रहे थे। इस दौरान अज्ञात कारणों से आग लगने से अंदर सो रहे पांचो पल्लेदार फंस गए। इसमें से दो बाहर निकल सके, वही तीन अंदर फंस गए। इसमें से दो की मौत हो गई। वहीं, एक मजदूर को रोहतक रेफर किया गया है। एक मृतक की कुलदीप पुत्र भोमसिंह कोटपूतली राजस्थान के रूप में पहचान हुई हैं। दूसरे की अभी पहचान नहीं हुई।