नारनौल। क्षेत्र में वीरवार को भी खाद नहीं आया। पिछले चार दिन से जिले में खाद की आपूर्ति नहीं हो रही। इस वजह से जिले के पांच हजार किसान प्रतिदिन बिक्री केंद्र पर जाकर वापस आ रहे हैं। खाद की आपूर्ति नहीं होने की वजह से किसान सरकार को कोस रहे हैं। वीरवार को किसी भी केंद्र पर खाद नहीं पहुंचा।
महिलाओं ने बताया कि सरकार व प्रशासन किसानों को खाद की आपूर्ति नहीं करवा सकती तो मना कर दें ताकि उन्हें परेशान तो न होना पड़े। वहीं अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम तक खाद आने की संभावना है। शनिवार को खाद वितरित किया जाएगा। पिछले वर्ष 90 हजार हेक्टेयर भूमि पर सरसों तथा 40 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की बिजाई की गई थी। पिछले वर्ष रबी के पूरे सीजन में चार लाख बैग वितरित किए गए थे। इस वर्ष अभी तक एक लाख बैग वितरित किए जा चुके हैं। डीडीए ने बताया कि खाद पिछले वर्ष जितना ही वितरित हो रहा है लेकिन देरी की वजह से थोड़ी दिक्कत हो रही है। इस वजह से किसानों की बिक्री केंद्र पर भीड़ हो जाती है।
गांव नागलिया से रात के दो बजे ही आकर बैठ गई थी । बीमार होने के कारण और ज्यादा परेशानी है। सरकार किसानों को खाद उपलब्ध करवाएं ताकि किसान अपनी फसल की बुआई समय पर कर सके । देश के किसान को अंत में मरना पड़ेगा । ---धनपति महिला किसान
रात के एक बजे घर से आकर खाद बिक्री केंद्र के बाहर बैठ गई थी। घर पर छोटे बच्चों को सोते हुए छोड़कर आई हूं। उनकी रोटी पानी के लिए परेशानी रहती है। लेकिन कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। अबकी बार किसी भी पार्टी को बोट नही करुंगी ---- सुमन महिला किसान
खाद लेने के लिए रात को खाना खाकर बिक्री केंद्र के बाहर बैठ गए थे लेकिन 11 बजे तक तो खरीद केंद्र पर कोई कर्मचारी भी नहीं आया है। ऑनलाइन पढ़ाई का समय चल रहा है लेकिन पढ़ाई भी नहीं हुई व खाद भी नहीं मिला अगर खाद नहीं आया तो कार्यालय पर नोटिस लगाना चाहिए था। ताकि लोग परेशान तो ना हो प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। ----- दीपिका छात्रा
डोहर कलां से आई बुजूर्ग महिला ने बताया कि सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। सरकार व प्रशासन अपनी जिम्मेवारी से पल्ला झाड़ रहा है। सरकार को जल्द खाद भेजना चाहिए ताकि किसान अपनी फसल की बुआई कर सके । ---बिमला महिला किसान
-------------------------------
महेंद्रगढ़ का रैक लग चुका है। शुक्रवार शाम तक खाद आने की संभावना है। खाद आने के बाद शनिवार को किसानों में वितरित कर दिया जाएगा।-डीडीए-वजीर सिंह।