डीएपी खाद को लेकर क्षेत्र के किसानों की परेशानी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। शुक्रवार को किसान सुबह सात बजे आकर लाइन में लग गए लेकिन पांच घंटे बाद दोपहर एक बजे भिवानी से खाद का ट्रक पहुंचने के बाद किसानों को खाद का वितरण किया गया। क्षेत्र में मांग के अनुसार खाद की आपूर्ति नहीं होने से किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वीरवार को भी पुलिस की उपस्थिति में खाद का वितरण कराया गया था। दोपहर बाद करीब 300 बैग आए जिसको लेकर किसानों में पहले खाद लेने ही होड़ लग गई। इसके उपरांत टोकन देकर किसानों को खाद के बैग वितरण किए गए। पांच घंटे में किसान जिम्मेदारों से बार-बार खाद के बारे में पूछताछ करते रहे।
सुबह सात बजे आकर लाइन में लगा था लेकिन अधिकारियों ने खाद नहीं होने की बात कही। रबी फसल की तैयारियों को लेकर खाद की आवश्यकता है लेकिन किसानों पिछले दो-तीन दिन से परेशान हो रहे हैं। -रोहताश बुडीन।
पहले तो मौसम की मार से परेशान थे। बाजरा बिक्री नहीं हो से परेशानी और अधिक बढ़ रही है। ऐसे में खाद नहीं मिलने से किसानों को परेशान हैं। संबंधित कर्मचारियों से पूछा गया तो भिवानी से गाड़ी आने की बात कही गई। -दिनेश कुमार, पालड़ी-पनिहारा।
मांग के अनुरूप नहीं मिल रहा खाद
मांग के अनुसार खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को समस्या आ रही है। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भेज दिया है। एक सप्ताह में मांग के अनुसार खाद की आपूर्ति शुरू हो जाएगी किसानों को खाद की परेशानी नहीं रहेगी। - हैफेड प्रबंधक, जगराम यादव।