अनाज मंडी को ऑपरेटिव सोसायटी में यूरिया खाद लेने के लिए लाइन में खड़े किसान । संवाद
- फोटो : Narnol
यूरिया खाद मिलने से अधिकारी और किसानों ने राहत की सांस ली है। पिछले दो दिनों से जिले में यूरिया खाद नहीं मिल रही थी। रविवार को करीब 6200 कट्टे यूरिया आने से किसानों को रूटीन में खाद मिल रही है। प्रबंधक रोशनलाल ने बताया की रविवार को 6200 कट्टे यूरिया आने से अब कोई कमी नहीं है। 850 कट्टे सोमवार व 800 कट्टे मंगलवार को वितरित किए गए। उन्होेंने बताया कि किसानों को गेहूं का बीज भी सरकारी रेट पर सब्सिडी सहित दिया जा रहा है। वही डीएपी खाद का स्टॉक 2000 कट्टों का है। जिसके लिए किसानों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
बता दें कि जिले में खाद का वितरण पुलिस पहरे में किया जा रहा था। कुछ स्थानों पर तो पुलिस थाना व चौकियों में खाद वितरित की जा रही है। क्योंकि अक्तूबर में डीएपी खाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा बिक्री केंद्र कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले आए थे, जिसके बाद से कर्मचारी भी खाद का वितरण करने से बचने लगे हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन द्वारा किसानों को पुलिस पहरे में खाद वितरित करवाई जा रही है। बाद में यूरिया की कमी भी किसानों को खलने लगी, जिसके चलते सरकार ने यूरिया का स्टॉक समय पर पहुंचा दिया, जिसके चलते किसानों को राहत मिली है।