जिला महेंद्रगढ़ में पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में बरामद किए गए मादक पदार्थों को शुक्रवार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संदीप खिरवार रोहतक एवं एम रवि किरण पुलिस महानिरीक्षक रेवाड़ी, पूनम दलाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी व चंद्रमोहन पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ कमेटी सदस्यों की मौजूदगी में नष्ट किया गया। गुरुग्राम स्थित बायोटिक वेस्ट लिमिटेड कंपनी में कुल 1777 किलो 502 ग्राम मादक पदार्थों का निष्पादन किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रोहतक रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संदीप खिरवार की देखरेख में मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया है। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार एक कानूनी प्रक्रिया के तहत कमेटी का गठन किया जाता है। पुलिस महानिरीक्षक एम रवि किरण की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई थी, जिसके सदस्य एसपी महेंद्रगढ़ चंद्रमोहन व एसपी रेवाड़ी है। महेंद्रगढ़ जिले के 10 मामलों में नष्ट किये गए नशीले पदार्थों में गांजा 1777 किलो 350 ग्राम, चूरापोस्त 70 ग्राम, डोडा 79 ग्राम व सुल्फा 3 ग्राम शामिल था।