नांगल चौधरी विधायक डॉ. अभय सिंह यादव।
- फोटो : Narnol
राजकीय महाविद्यालय नारनौल की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने प्रशासन से तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा संस्थाएं समाज की धरोहर होती हैं और किसी भी संस्था पर किसी तरह का भी अतिक्रमण समस्त समाज पर अतिक्रमण होता है जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कुछ लोगों को यह भ्रम होता है कि सरकारी संस्थाओं का कोई रखवाला नहीं होता परंतु समाज का हर प्रबुद्ध और जागृत व्यक्ति ऐसी संस्थाओं के प्रति संवेदनशील और सचेत होता है। उन्होंने कहा इस मामले में वह व्यक्तिगत रूप से भी बहुत संवेदनशील हैं। उन्होंने पूर्व में भी ऐसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नारनौल की सरकारी संस्थाओं की जमीन पर भू माफियाओं की कुदृष्टि पहले भी पड़ती रही है और उन्होंने व्यक्तिगत दखल से आईटीआई, जिला ओलंपिक क्लब, सामान्य अस्पताल एवं राजकीय महाविद्यालय की सरकारी जमीन को भू माफियों के पंजे से बचाया है। इसी राजकीय महाविद्यालय के एक अदालती मामले की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्राचार्य एसडी शर्मा की मेहनत और उनके सहयोग से पुराने रिकॉर्ड से कॉलेज का रिकॉर्ड तलाश करवा कर कीमती भूमि को भू माफियाओं के पंजे से बचाया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सरकारी संस्था की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कॉलेज के प्राचार्य को उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि प्रशासन से मिलकर इस अतिक्रमण को तुरंत हटवाएं अन्यथा कोई भी इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं पाएगा।