महेंद्रगढ़। नगर पालिका और बिजली निगम के आपसी तालमेल के अभाव का खामियाजा शहरवासी तीन माह से भुगत रहे हैं। जिले की एक तिहाई आबादी को शहर से जोड़ने वाले गोशाला रोड, डुलाना रोड व बुचौली रोड तीन मुख्य सड़क मार्गों का तीन माह से काम अटका पड़ा है। विभागों में तालमेल के अभाव में बरसात से पहले निर्माण पूरा करना चुनौती से कम नहीं है।
नगर पालिका द्वारा इन मार्गों पर बिजली के पोल शिफ्टिंग के लिए तीन माह पूर्व करीब 3.50 लाख रुपये की राशि जमा कराई थी। लेकिन बिजली विभाग के जिम्मेदार दावा कर रहे हैं कि नपा द्वारा दिए गए इस्टीमेट के हिसाब से अधिकांश पोलों की शिफ्टिंग की जा चुकी है। वहीं नपा के जिम्मेदारों का कहना है कि पोल शिफ्ट नहीं होने के कारण काम अटका हुआ है। जहां पोल शिफ्ट हो चुके हैं वहां निर्माण कार्य शुरू कर सकते हैं। दोनों विभागों में आपसी तालमेल का इतना अभाव है कि पिछले तीन माह के दौरान तीन मुख्य सड़क मार्गों पर शहरवासियों के साथ-साथ प्रतिदिन हजारों की संख्या में गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गोशाला रोड शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है। तीन माह पहले शुरू हुआ काम अभी तक नाला निर्माण तक ही पहुंच पाया है। डुलाना रोड व बुचौली रोड पर बड़ी शिक्षण संस्थाएं हैं जहां प्रतिदिन 300 बसेें आवागमन करती हैं। बुचौली रोड, गोशाला रोड व डुलाना रोड पर निर्माण कार्य के चलते पिछले तीन माह से मलबा सड़कों पर बिखरा पड़ा है। इसके अलावा इन मार्गों से जिले की एक तिहाई आबादी शहर में प्रतिदिन आवागमन करती है। सड़क मार्गों की वर्तमान हालत गांव के एक कच्चे रास्ते से भी बद्दतर हो गई है। वहीं शहर के सिनेमा रोड का काम भी लंबे समय से अटका पड़ा है। जिससे लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
---------
इंसेट
गोशाला रोड पर इस समय दो-दो फुट गहरे गड्ढे बने हुए हैं। दिनभर लोग इन गड्ढों से परेशान रहते हैं। आए दिन गड्ढों के कारण हो रही दुर्घटनाओं में लोग घायल हो रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार चार माह का समय बीतने को है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा भी नहीं कर पाए। - महेंद्र सिंह
----------
पिछले करीब चार माह से बदहाल गोशाला रोड पर दुकानदार व शहरवासी दिनभर धूल फांकने को मजबूर हैं। लेकिन नपा व बिजली विभाग एक-दूसरे की लापरवाही बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। यहां लोग दिनभर इन सड़कों के गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं।- अनिल
---------
धीमी गति से चल रहे काम को देखकर ऐसा लग रहा है कि बरसात से पहले निर्माण पूरा नहीं हो सकेगा। इसके बाद तीन-चार माह बरसात रहेगी। जिसमें निर्माण कार्य बंद रहेंगे। ऐसे में इन मुख्य मार्गों से गुजरना भी मुश्किल हो जाएगा। शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराया जाए।- राहुल लांबा
---
नपा के जिम्मेदारों ने अप्रैल तक शहर को नया लुक देने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन अप्रैल गुजर गया मई भी गुजरने को है न लुक बदला न सड़कों की बदहाली। जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों को आमजन की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। - मनीष अग्रवाल
----------
- वर्जन:
तीन माह पूर्व बिजली के पोल शिफ्ट करने के लिए 3.50 लाख रुपये की राशि निगम के खाते में जमा कराई थी। बार-बार बिजली विभाग से पोल हटाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक यह काम पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते सड़क निर्माण कार्य अटके पड़े हैं। - योगेश राठी, एमई, नगरपालिका महेंद्रगढ़
---------
वर्जन
नपा द्वारा दिए गए इस्टीमेट के हिसाब से अधिकांश पोल शिफ्ट किए जा चुके हैं। डुलाना रोड व बुचौली रोड पर नपा काम शुरू करा सकती है। वहीं गोशाला रोड पर भी जल्द ही पोल शिफ्टिंग का काम भी शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। - दीपक यादव, उपमंडल अधिकारी, डीएचबीवीएन महेंद्रगढ़