सतनाली मंडी। खंड के गांव नावां में पेयजल आपूर्ति बोरवेल की मोटर खराब होने से 200 घरों में पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा पांच दिनों में भी मोटर को ठीक नहीं कराया गया है जिसके कारण उन्हें दूरदराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीण मूलचंद, रवि, अश्विनी, टेकचंद, बलवान, गोविंद, बाली शर्मा, मंजू, छबीली, नीलम ने बताया कि उनके घरों में गांव में बने जनस्वास्थ्य विभाग के एक नंबर बोरवेल से पेयजल आपूर्ति की जाती है। पिछले पांच दिनों से मोटर खराब होने के कारण पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। इस बोरवेल से गांव के 200 से भी अधिक घरों में पेयजल आपूर्ति होती थी। लेकिन अब उन्हें दूरदराज के क्षेत्रों से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। पशुओं को पिलाने के लिए भी पानी दूर से लाना पड़ रहा है। लोग पेयजल के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
---------
वर्जन
ग्रामीणों द्वारा बोरवेल मोटर खराब होने की सूचना दी गई है। शीघ्र की मोटर को ठीक करा बोरवेल से पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं।
- प्रदीप कुमार, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग