िनिर्माणाधीन चंडीगढ़-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-152 डी पर गांव जाट-गुवाना में बन टोल को लेकर आसपास के ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना दिया। जाट गुवाना के सरपंच मुकेश पंवार, सागरपुर के सरपंच रोहताश, एडवोकेट हेमंत सिहमा, सूबेदार मेजर राजेंद्र दुबलाना, अजीत सिंह जाट गुवाना व विजय नंबरदार ने बताया कि निर्माणाधीन एनएच 152-डी के टोल के लिए जाट-गुवाना व दुबलाना की बेशकीमती कृषि भूमि का अधिग्रहण सड़क मंत्रालय द्वारा किया है लेकिन आसपास के गांवों के लोगों के लिए इस मुख्य मार्ग पर वाहन चढ़ाने के लिए कट नहीं छोड़ा गया है। वहीं आसपास के गांवों के लोगों को टोल टैक्स में छूट भी नहीं दी गई है।
इस पर ग्रामीणों ने प्रस्ताव पास कर डीसी नारनौल, स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव व सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह को जाट गुवाना टोल टैक्स पर वाहनों के सड़क पर चढ़ाने के लिए विशेष कट तथा 5 किलोमीटर तक के गांवों के वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने की मांग का ज्ञापन देने का निर्णय लिया। ज्ञापन के माध्यम से आसपास के दो दर्जन गांवों के वाहनों के लिए इस सड़क मार्ग में विशेष कट दिलाने की मांग की जाएगी।
खुशीराम, रवींद्र अमित, रवि, पंकज, विशाल, कुलदीप, रोहित व करतार ने बताया कि इस टोल मार्ग पर दोनों और चढ़ने व उतरने के लिए जाट गुवाना, दुबलाना, खतरीपुर, नूनी, सलूनी, सागरपुर, भौड़ी, सिहमा, खामपुरा, खासपुर, नांगलिया, मित्रपुरा, अटाली, डेरोली, दोंगड़ा जाट, दौंगड़ा अहीर, दूलोठ जाट व गुवानी तक के गांवों के व्यक्तियों को बुचावास या नीरपुर 20 किलोमीटर जाना पड़ेगा। जिससे उनका काफी समय बर्बाद होगा। वहीं उन्हें परेशानी का भी सामना करना पड़ेगा। इस मौके पर बाबू जगमाल सिंह दुबलाना, डॉ. अतर सिंह, ओमप्रकाश, उदय सिंह सागरपुर, देवेंद्र, सूबे सागरपुर, बजरंग पंवार, रोशनलाल शर्मा, सुरेंद्र हेडमास्टर, अरुण, पंकज, बलबीर सिंह व कृष्ण आदि सहित दुबलाना, खतरीपुर, जाट गुवाना, सिहमा और सागरपुर गांव के लोग उपस्थित रहे।