मोहल्ला महल मिश्रवाड़ा में करीब सात-आठ दिन पूर्व हुए झगड़े में घायल युवक ने मंगलवार सुबह नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने चिकित्सकों के एक बोर्ड से मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद थाना शहर प्रभारी साधुराम ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला महल मिश्रवाड़ा निवासी जय किशन पुत्र देशराज ने बताया कि उसके भाई सुनील के साथ 16 अक्टूबर को चार-पांच लोगों का झगड़ा हो गया था। इसके बाद बीच-बचाव होने के बाद मामला शांत हो गया। 17 अक्टूबर की सुबह जब उसका भाई घर से बाहर निकला तो घात लगाकर बैठे चार-पांच युवाओं ने उस पर फिर से हमला कर दिया।
इस दौरान उन्होंने उसके भाई की लाठी, डंडों और राड से बुरी तरह पिटाई कर दी। जब तक परिजन आए वे उसे अधमरा कर भाग गए। घायल सुनील को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। मगर उसके पांव का घाव बढ़ता ही गया। इस पर उन्होंने सिंघाना रोड स्थित एक हड्डियों के चिकित्सक को दिखाया। उसने झगड़े का केस होने के चलते पर्ची नहीं दी मगर दवाई देकर यह कह दिया कि जल्द ही यह ठीक हो जाएगा।
सोमवार शाम को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इस पर वे उसे दोबारा उसी चिकित्सक के पास लेकर गए तो उसने फिर कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। मंगलवार सुबह उसकी तबीयत जब ज्यादा खराब हो गई तो वे नागरिक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसको प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया।
वे अभी उसे ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके भाई की शिकायत पर मोहल्ला गश्तीवाड़ा निवासी ईशू, नवीन कुमार, राजू व देवेंद्र के अलावा नई सराय निवासी धीरज यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर सभी पांचों युवाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह पता चल पाएगी की हत्या कैसे हुई है। - अभय सिंह, ओल्ड चौकी प्रभारी, नारनौल।