हरियाणा के नारनौल शहर के मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी एक युवक की कुछ युवकों द्वारा लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक के साथी ने शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस से जानकारी मिली है कि मृतक एवं एक हत्यारोपी की फेसबुक पर आपस में कोई बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने एक दूसरे पर कमंटेस किए जिससे बात बिगड़ गई।
जानकारी अनुसार शहर के मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी 20 वर्षीय तुषार गुरुवार सायं को अपने साथी शंकर, रमन, राहुल के साथ शहर के आजाद चौक पर गोल गप्पे खा रहा था। इसी दौरान एक युवक आया और उसने फोन करके कुछ युवकों को मौके पर बुला लिया। इस दौरान उनमें कुछ कहासुनी हो गई और उक्त युवकों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
झगड़ा देख कुछ दुकानदारों से तुषार को उक्त युवकों से छुड़वा दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद उक्त युवक तुषार को जबरदस्ती उठाकर आजाद चौक स्थित राव बंशी सिंह पार्क में लेकर गए और उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इससे वह बेसुध हो गया। इसके बाद युवक उसे छोड़कर मौके से फरार हो गए।
आस-पास के लोगों ने पुलिस व परिजनों को सूचित कर उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मगर परिजन उसे जयपुर ले गए। जहां तुषार ने शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसके शव को नारनौल लेकर पहुंचे। इस घटना की शिकायत तुषार के साथी शंकर ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन बहनों को था इकलौता भाई
मृतक युवक तीन बहनों का इकलौता भाई था। मृतक के पिता भी मृत्यु हो चुकी है। परिवार में वह ही कमाने वाला था। मृतक तुषार पिछले तीन-चार माह से जयपुर में अपने संगे संबंधियों के यहां रहकर कुछ कार्य करता था। 4-5 दिन पूर्व ही तुषार जयपुर से नारनौल अपने घर आया था। बताया जाता है कि मृतक युवक की दो बहने शादीशुदा है जबकि एक अभी अविवाहित है।