हांसी-कोटपुतली नेशनल हाईवे नारनौल बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों के विरोध में मंगलवार को लोग भड़क गए। उन्होंने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे लगे जाम के दौरान सड़क के चारों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जाम लगा रहे लोगों ने किसी उच्च अधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े थे। इसके बाद एसडीएम सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बाईपास पर ब्रेकर बनाने और अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। एसडीएम ने मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
जाम लगा रहे सूरजभान, नरेश कुमार, हीरालाल, विकाश शर्मा, राहुल, कृष्ण कुमार, पवन कुमार, संजय सैनी, संदीप, रतनलाल, अंकित, करण सिंह, नवीन, फूल सिंह, नगर पार्षद दयानंद सप्तोनी, सुभाष चंद, राजेश, आकाश, रोशनलाल, तोताराम, राधेश्याम आदि ने बताया कि नारनौल बाईपास पर स्पीड ब्रेकर और लाइट नहीं होने की वजह से आए दिन सड़क मार्ग हादसे हो रहे हैं। जिनमें कई लोगों की मौत भी हो चुकी हैं। वहीं सोमवार देर सायं को भी अंधेरा होने के कारण हाईवे पर एक साथ पांच वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि इस सड़क हादसे में कोई हताहत नहीं हुई, परंतु हादसे में पांचों वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों ने बताया कि हांसी-कोटपुतली नेशनल हाईवे होने के बावजूद भी विभाग द्वारा इस सड़क मार्ग पर न तो कोई स्पीड ब्रेकर बनाया है और न लाइटिंग की कोई व्यवस्था की है। जिस कारण हाईवे पर आए दिन हादसे होते रहते है। इस समस्या से स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन लोकनिर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष बना हुआ है।
कुलताजपुर रोड पर एकत्रित हुए लोग
सोमवार देर सायं को हुए हादसे के विरोध में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोग कुलताजपुर रोड पर एकत्रित हुए। विचार-विमर्श करने के बाद स्थानीय लोगों ने करीब 9 बजे कुलताजपुर रोड के चौराहे के चारों ओर अवरुद्ध डालकर सड़क का जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अमरदीप सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जाम लगा रहे लोगों लोकनिर्माण के अधिकारियों या एसडीएम को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ गए। इसके कुछ देर बाद सीटी एसएचओ रणजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास भी विफल रहा है। जिसके बाद एसडीएम सुरेश कुमार तथा एसडीएम के बाद लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ सज्जन सिंह मौके पर पहुंचे।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जाम की सूचना पाकर करीब सवा दस बजे जिला प्रशासन की ओर एसडीएम सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं जानी। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने एसडीएम सुरेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर हाईवे पर लाइटिंग वाले स्पीड ब्रेकर लगाने, हाईवे पर बने सभी चौराहों को चौड़ा करवाकर उनके बीच सर्कल बनाने, लाल बत्ती, हाई मास्क लाइट तथा पुलिस बैरिकेड लगाने के साथ ही पुलिस की तैनाती करने की मांग की।
बिना स्पीड ब्रेकर के सरपट दौड़ रहे वाहन
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में ओवरलोड वाहन गुजरते है। जोकि हाईवे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण अपने वाहनों को सरपट दौड़ाते है। जिस कारण आस-पास से निकलवाने वाले अप्रोच मार्ग से आने वाले छोटे वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लेते है।
अप्रोच मार्गों को ऊंचा करवाने की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे से जाने वाले अप्रोच मार्ग हाईवे के मुकाबले काफी नीचे है। जिस कारण अप्रोच मार्ग से आने वाले वाहनों को हाईवे पर गुजरने वाले वाहन दिखाई नहीं देते है। जिसके कारण कई बार हादसे हो चुके है। उन्होंने विभाग से इन अप्रोच मार्गों को हाईवे के बराबर करने की मांग की, ताकि इस कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
एक साथ टकराये पांच वाहन, बड़ा हादसा टला
सोमवार देर सायं को बाईपास पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस हादसे में एक लोहे के पाइपों से भरा ट्रक और पानी का टैंकर आपस में टकरा गए। जिस कारण जहां पानी का टैंकर सड़क के गड्ढे में जा गिरा, वहीं लोहे के पाईपों से भरा ट्रक सब्जी से भरी पिकअप एक बोलरो गाड़ी पर पलट गया। एक नैनो कार भी चपेट में आ गई, लेकिन इस दुर्घटना में वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।