मुर्गी फार्म मालिक की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार के सुपारी देने वाले युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। मुर्गी फार्म मालिक की हत्या उसी के साले ने सुपारी लेकर की थी। कोतवाल श्यामवीर सिंह यादव ने बताया कि शेखाना निवासी मो. हसीब की दो दिन पहले चौधरियापुर रोड स्थित पुलिस लाइन मोड़ के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
गोली मारने वाले आरोपी छिबरामऊ के सैयदबाड़ा निवासी शीलू को जेल भेजा जा चुका है। शीलू रिश्ते में हसीब का चचेरा साला है। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में अब छिबरामऊ के बिरतिया सैयदबाड़ा मोहल्ला निवासी अय्याज पुत्र मकबूल अहमद को गिरफ्तार किया गया है।
अय्याज ने हसीब की हत्या करने के लिए शीलू को 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी। पूछताछ में पता चला है कि रुपयों के लेनदेन को लेकर कुछ दिन पहले हसीब व अय्याज के बीच कहासुनी हुई थी। इससे नाराज अय्याज ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।