मोहल्ला सलामपुरा से बाइक चुराकर भाग रहे दो बाइक चोरों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सलामपुरा निवासी तेजभान की राजस्थान के नीमराना में बाइक ठीक करने की दुकान है। वह मंगलवार को किसी ग्राहक की बाइक लेकर दुकान से अपने घर आ गया। रास्ते में दो-तीन बार बाइक बंद भी हुई। इसके कारण वह बुधवार सुबह दुकान जाते समय वापस बाइक नहीं ले गया। वह इस बाइक को अपने घर के बाहर खड़ा कर सुबह जल्द ही निमराना के लिए निकल लिया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो युवक आए तथा बाइक को स्टार्ट कर भागने लगे। उनको बाइक ले जाते मोहल्ले के ही किसी ने देख लिया तथा अपनी बाइक से उनका पीछा किया। इस दौरान पीरआगा में पीर के पास चोरों की बाइक बंद हो गई। जब चोर बाइक छोड़कर भागने लगे तो पीछा कर रहे व्यक्ति ने चोर-चोर बोलना शुरू कर दिया। इससे आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों युवकों को ओल्ड चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस में पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम सुनील व इंद्रजीत निवासी टीबा बसई बताया। वहीं पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।