हरियाणा के नारनौल में पुलिस ने एक खल बिनौला भरे ट्रक से नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को काबू किया है। जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चालक से 5 किलो 925 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस को गश्त पड़ताल के दौरान मुखबीर खास से सूचना मिली कि एक ट्रक चालक सुखविंद्र सिंह निवासी कपियाल थाना भवानीगढ़ जिला संगरूर पंजाब जो अपने ट्रक में बिनौला (काकड़ा) लोड किए हुए है। जिसने बिनौला (काकड़ा) के बीच में नशीला पदार्थ भुक्की (चुरा पोस्त) छुपाएं हुई है। अगर नाकाबंदी की जाए तो उसे नशीला पदार्थ सहित काबू किया जा सकता है।
इस सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी शुरू की। गांव जाट गुवाना नजदीक टोल प्लाजा पर एक ट्रक खड़ा हुआ दिखाई दिया। गाड़ी के पास एक व्यक्ति खड़ा मिला, जिसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सुखविंद्र सिंह निवासी कपियाल बताया। जिसको तलाशी बारे नोटिस दिया गया। वहीं ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीईटीसी अनिल कुमार को मौके पर बुलाया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने ट्रक की तलाशी ली। इसके बाद ट्रक को सदर थाना नारनौल लेकर आया गया। जहां पर लेबर की सहायता से ट्रक को खाली करवाया। जिसमें एक पॉलीथिन में नशीला प्रतिबंधित मादक पदार्थ भूक्की (चुरा पोस्त) मिला। जिसका कुल वजन 5 किलो 925 ग्राम मिला। पुलिस ने चालक को नशीले पदार्थ सहित काबू कर लिया।