खंड के गांव खेड़ी में जमीनी विवाद में की गई हत्या के मामले में पुलिस ने 9 लोगों के नाम सहित 12 से अधिक लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक व्यक्ति का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया तथा हमलावरों की धरपकड़ आरंभ कर दी।
गांव खेड़ी निवासी मृतक पूर्णसिंह के भाई हेमंत उर्फ हेमराज ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि एक एकड़ जमीन गांव के निवासी कुलदीप शर्मा व पवन शर्मा ने रहन पर उनके पास रखी थी लेकिन गाँव के निवासी विनोद कुमार ने इस जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली, जबकि पिछले चार वर्ष से लगातार हेमराज के परिजन इस जमीन पर फसल की पैदावार कर रहे थे। जमीन की रजिस्ट्री करवाने वाले परिजनों ने खेत में बोई फसल को खुर्द-बुर्द कर दिया। वहीं रविवार दोपहर बाद घर में घुसकर उसके भाई पूर्ण की हत्या कर दी।
शिकायतकर्ता का कहना है गांव के निवासी रतन सिंह, उदय सिंह, जयसिंह, अजय सिंह, कैलाश, संजय, दिनेश, विनोद और डाबला निवासी प्रदीप ने पांच-छह अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडे, जेली व फरसी लेकर घर में घुसकर भाई पूर्ण और उसकी पत्नी पर हमला बोल दिया। इससे पूर्ण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे अटेली सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या करने का मामला दर्ज कर धर पकड़ शुरू कर दी।