महावीर चौकी पुलिस ने बुधवार देर सायं को गांव नांगतिहाड़ी के टी प्वाइंट के पास पशुओं से भरी एक वाहन को पकड़कर उसमें सवार 5 भैंस व 5 कटडों को मुक्त करवाया।
पुलिस ने इस मामले में रावत डेरोली, रोहताश नगली राजस्थान, पांडु नगली व अकसर गढ़ीरूथल के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत थाना शहर नारनौल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। बुधवार रात्रि करीब 7 बजे महावीर चौकी इंचार्ज नवल किशोर को पशु क्रूरता निवारण समिति दनचौली की अध्यक्ष सुमन कंवर ने सूचना दी की एक गाड़ी में भैंस व कटड़े ठूस-ठूस कर भरे हुए नांग तिहाड़ी टी प्वाइंट की ओर जा रही है। सूचना पाकर महावीर चौकी पुलिस तुरंत नांगतिहाड़ी बाईपास टी-प्वाइंट पर पहुंची और वहां से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रुकवाकर चेक किया गया तो उसे भैंस व कटड़े ठूस-ठूस कर भरे हुए मिले। जिनका मुंह व पैर भी बंधे हुए थे। जिन्हें सुमन कवर व होशियार सिंह के सहयोग से पशुओं को मुक्त करवाया गया। वहीं पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी इन पशुओं को गांव नंगली कापर से पटौदी लेकर जा रहे थे। पुलिस ने पशुओं को मुक्त करवाकर नारनौल गोशाला भिजवाया।