हरियाणा के जिला नूंह मेवात के पल्ला गांव में आरोपी राहुल को अल सुबह 2.30 बजे एटीएम चोरी के मामले में पकड़ने गई महेंद्रगढ़ सीआईए टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट कर उनके दो पिस्टल छीन लिए और हिरासत में लिए आरोपी राहुल को छुड़वाकर ले गए। इसके अलावा पुलिस की बोलेरो गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। इस दौरान छह पुलिस कर्मचारियों को चोटें भी लगीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। सीआईए टीम महेंद्रगढ़ इंचार्ज उमर मोहम्मद की शिकायत पर 15 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
बता दें कि रविवार-मंगलवार की रात को स्टेट हाईवे स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम चोरी कर ले गए थे, जिसमें लगभग 17 लाख 35 हजार 600 रुपये थे। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सीआईए महेंद्रगढ़, सीआईए नारनौल और थाने की टीम गठित की थी। पुलिस तीन-चार दिनों से आरोपियों को पकड़ने के लिए मेवात में ही दबिश दे रही है।
सूत्रों से सीआईए टीम को पता चला कि गांव पल्ला जिला नूंह में राहुल नामक युवक एटीएम कटर का कार्य करता है। इसके बाद सीआईए टीम ने वीरवार अल सुबह 2.30 बजे उसके मकान में दबिश देकर सो रहे युवक को हिरासत में लिया था। मौके पर वहां शोरशराबा हो गया। आवाज सुनकर गांव के लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान उन्होंने लाठी-डंडों से पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
साथ ही उनकी बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और दो पिस्टल भी छीन लिए। इस दौरान इंचार्ज उमर मोहम्मद, सिपाही संदीप, रविंद्र, राकेश, दीपक, प्रविंद्र को हलकी चोटें आईं। इसके बाद टीम इंचार्ज उमर मोहम्मद ने इसकी सूचना नूंह सदर थाने में दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय पुलिस कर्मचारियों ने मौका मुआयना किया। इसके बाद थाना उमर मोहम्मद की शिकायत 15 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
दबिश में चूक : स्थानीय पुलिस का नहीं लिया सहयोग
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीआईए की 12 सदस्यीय टीम अल सुबह गांव पल्ला पहुंच गई थी। टीम के सभी सदस्य सादी वर्दी में थे। रेड के समय उन्होंने स्थानीय पुलिस को भी साथ नहीं लिया और न ही वहां के पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी गई। अगर स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव का घेराव किया जाता तो सफलता हाथ लग सकती थी।
लापरवाही की वजह से शक के आधार पर हिरासत में लिए गए राहुल को भी ग्रामीण छुड़वा ले गए और पुलिस को मार भी खानी पड़ी। होडल रोड से दूसरे आरोपी राहुल निवासी अरबड को गिरफ्तार किए जाने पर पता चला कि पहले वाला राहुल भी इस मामले में आरोपी था। सूत्रों के अनुसार राहुल एटीएम कटर का काम करता है। वह नूंह क्षेत्र में इन मामलों संलिप्त रहता है। अगर वह हिरासत में आ जाता तो पुलिस को एटीएम चोरों के बारे में जानकारनी हाथ आ सकती थी।
एक टीम दे रही उत्तर प्रदेश में दबिश
सूत्रों के अनुसार एटीएम चोरों को पकड़ने के लिए एक टीम उत्तर प्रदेश के मऊ (आगरा) में दबिश दे रही है। इस समय पुलिस उनकी मोबाइल लोकेशन से ट्रैस कर रही है। वर्तमान में उनकी लोकेशन मऊ में मिली है तो पुलिस वहां उन्हें गिरफ्तार करने गई हुई है।
सीआईए टीम महेंद्रगढ़ इंचार्ज ने सदर थाना नूंह में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर 15 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अभी तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया है। - अजयवीर, सदर थाना प्रभारी, नूंह
पुलिस की टीम पर मेवात में हमला हुआ था। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को हलकी चोटें भी आई हैं। दो पिस्टल भी उनसे छीन लिए गए हैं। इसके लिए नूंह सदर थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। जल्द ही वहां की पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। -विक्रांत भूषण, पुलिस अधीक्षक, महेंद्रगढ़