अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महावीर चौकी पुलिस नारनौल ने वीरवार को नागतिहाड़ी बाईपास के पास से अवैध शराब से भरा कैंटर को पकड़ा है, जिसमें 394 पेटी देशी शराब की बरामद की गई। वहीं, कैंटर चालक पुलिस को देख फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को शराब सहित कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि वीरवार सुबह महावीर चौकी इंचार्ज एएसआई सज्जन कुमार को एक सूचना मिली की नागतिहाड़ी बाईपास के नजदीक एक कैंटर शराब से भरकर जा रहा है। इसके आगे पीछे अलग-अलग नंबर लिखे हुए है। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ नागतिहाड़ी बाईपास पहुंचे। जहां कैंटर चालक पुलिस की गाड़ी को देखते ही कैंटर को मौके पर छोड़कर भाग गया। इस पर पुलिस ने कैंटर को चेक किया गया तो उसमें देशी शराब की 394 पेटी शराब भरी हुई थी। इसमें 195 पेटी बोतल, 100 पेटी अध्धा और 99 पेटी पव्वा की थी। जब कैंटर के नंबर प्लेट पर नंबर देखे तो कैंटर के आगे व पीछे अलग-अलग नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने शराब व कैंटर को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ थाना शहर नारनौल में शराब अधिनियम के साथ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।