अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। सतनाली थाने में दहेज देने वालों के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है। सतनाली कस्बे की ढाणी कुम्हारन निवासी सोनू को अपने पति के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज करवाना महंगा पड़ गया। उसने अपनी शिकायत में लिख दिया कि उसके परिजनों ने हैसियत से अधिक दहेज दिया था। इसे आधार पीड़ित पति ने पुलिस में पत्नी के परिजनों के खिलाफ केस मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने सोनू के पति निर्भय सिंह के बयान पर दहेज देने वाले चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिले का यह पहला मामला है, जब दहेज देने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोनू की शादी 11 जुलाई 2008 को निर्भय सिंह पुत्र रणधीर सिंह निवासी गांव रुदडोल जिला चरखी दादरी के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। सोनू की बड़ी बहन की शादी निर्भय सिंह के बड़े भाई के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद तक सोनू ठीक तरीके रही। आरोप है कि इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आ गया। वह ससुरालीजनों से झगड़ा करने लगी। पांच अप्रैल को 2014 को सोनू ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद भी वह ससुरालजनों को दहेज का केस दर्ज करवाने की धमकी देने लगी। बाद में वह झगड़ा कर मायके चली गई। दावा है कि इसके बाद सोनू ने अपने पति निर्भय पर दहेज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करवा दिया। सोनू ने अपनी शिकायत में यह लिख दिया कि उसके पिता ने हैसियत से अधिक दहेज दिया था। इसके बाद पीड़ित निर्भय सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश दहेज लेने और देने दोनों अपराध हैं, का हवाला देते हुए सतनाली पुलिस में केस दर्ज करवा दिया। पुलिस ने सोनू पुत्री सागरमल, सागरमल पुत्र मुखराम, किताब देवी पत्नी सागर मल, सत्यवीर पुत्र सागरमल के खिलाफ 385, 406, 120बी 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है।