अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। तेज आवाज में डीजे बजाने वाले अब सचेत हो जाएं नहीं तो डीजे समेत वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। अब सड़क से गुजरते समय ही नहीं बल्कि शादी जैसे समारोह में भी डीजे बजाने की अनुमति लेनी होगी। ये निर्देश रविवार को एसडीएम अभिषेक मीणा ने दिए। रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना के प्रांगण में गीता जयंती महोत्सव मनाया जा रहा था। इस दौरान मुख्यातिथि एसडीएम अभिषेक मीणा अपना संबोधन देने लगे तो बाहर सड़क पर तेज आवाज में डीजे बजने से माहौल खराब हो गया। यह डीजे हाल ही में हुई एक शादी के उपलक्ष्य में बजाया जा रहा था। एसडीएम ने तत्काल थाना अध्यक्ष को डीजे वाली गाड़ी को जब्त करने के निर्देश दिए। जिस पर उनके कार्यालय का नाजिर एवं पुलिस कर्मचारी सड़क पर गए और डीजे को बंद करने सहित गाड़ी को थाने ले जाने का संदेश दिया। बाद में चालक द्वारा प्रार्थना करने पर हिदायत देकर गाड़ी छोड़ दी।
एसडीएम ने कहा कि तेज आवाज में शादियों एवं अन्य समारोह में डीजे बजाने के लिए पहले अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति डीजे बजाने पर उसे जब्त किया जाएगा। प्रबुद्ध लोगों ने एसडीएम की कार्रवाई का स्वागत किया है।