अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। रेवाड़ी मोड़ टी प्वाईंट स्थित शराब ठेके में पांच लोगों ने सेल्समैन पर बोतल मारकर हमला किया। घायल को कनीना सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सिगड़ा गांव निवासी सेल्समैन संजय को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी रोड टी प्वाइंट के पास रमेश कुमार एंड कंपनी शराब ठेके पर रविवार रात को सेल्समैन सुनील कुमार काम कर रहा था। रात करीब 10 बजे एक युवक आया। उसने 500 रुपये का नोट देकर बीयर की बोतल मांगी। सेल्समैन सुनील कुमार और संजय कुमार ने कहा कि हम खाना खा रहे हैं। ठेके के बंद होने का समय हो चुका है। जिस पर युवक वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद वह युवक चार-पांच लोगों को साथ लेकर पुन: ठेके पर पहुंचा। गाली-गलौज करते हुए ठेके का बंद दरवाजा पत्थरों से और धक्का मारकर तोड़ दिया। ठेके के अंदर घुसकर सेल्समैन सुनील कुमार के साथ मारपीट करने लगे। हमलावरों ने संजय को बोतल से पीटकर गंभीर तौर पर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लहूलुहान हुए संजय को सुनील ने ड्राईवर कृष्ण कुमार की मदद से सीएचसी कनीना में लेकर गए। हालत गंभीर होने पर संजय को ट्रामा सेंटर रेवाड़ी लेकर पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल संजय को जयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कनीना पुलिस ने एक नामजद सहित चार-पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
सुुनील की शिकायत पर आरोपी छोटन सहित पांच अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। अभी घायल के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।
- गोविंद सिंह, सिटी चौकी प्रभारी, कनीना।