अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। परिवार के साथ घर लौट रही बुजुर्ग महिला और उसके दत्तक पुत्र की कार हाईवे में गांव आदलपुर बस स्टैंड के पास खड़े डंफर से टकरा गई। हादसे में बेटे और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इसके अलावा महिला की बहु समेत अन्य चार लोग घायल हो गए। कार सवार लोग बवानी खेड़ा में परिवार के अन्य लोगों से मिलकर वीरवार देर शाम को लौट रहे थे। पुलिस ने डंफर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायलों को उप नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसको रोहतक रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला बास निवासी भंवर सिंह (68), माता शांति देवी (90), पत्नी कृष्णा (65), भाई संजय (45), दोस्त धनपत निवासी झगड़ौली कार में सवार होकर बुधवार को बवानी खेड़ा अपने परिवार से मिलने के लिए गए थे। रात को लौटते समय करीब 9:10 बजे आदलपुर बस स्टैंड के पास पहुंचे। वहां होटल के पास एक डंपर बिना पार्किंग लाइट और इंडीकेटर जलाए रोड पर खड़ा था। ड्राइवर धनपत को दूसरी तरफ से वाहनों की लाइट आंखों पर पड़ने के कारण डंफर नहीं दिखाई दिया। इसी दौरान कार रोड पर खड़े डंफर से जा टकराई। इसमें कार में बैठे लोग घायल हो गए। सभी को उप नागरिक अस्पताल में लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने भंवर सिंह को मृत घोषित कर दिया। माता शांति देवी और दोस्त धनपत की गंभीर हालत में रोहतक रेफर कर दिया, वहां डॉक्टरों ने महिला की हालत अत्यंत नाजुक बताई। मृतक की पत्नी कृष्णा और संजय को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। बाद में बुजुर्ग महिला ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।