पकड़े गए गो तस्करों के साथ टीम के सदस्य। संवाद
- फोटो : Narnol
गोरक्षा दल नांगल चौधरी ने बीती मुखबिर की सूचना पर नांगल नूनियां के पास गो तस्करी के लिए गायों को ले जा रहे एक कंटेनर को पकड़ा है, जिसमें से 5 गोवंश सहित 3 गो तस्करों को पकड़ा है। गोरक्षा दल के सदस्यों ने गायों को बाबा मुकंदास गोशाला में छोड़ा। दल ने तीनों गो तस्करों को पुलिस के हवाले कर दिया। नांगल चौधरी पुलिस ने तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चालक मोबिन निवासी गांव चावंडी थाना टपूकड़ा अलवर, आमिर निवासी गांव निंबाहेडी थाना टपूकड़ा अलवर और अहसान निवासी गांव टाई नूंह शामिल है। सभी को वीरवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोरक्षा दल टीम को बुधवार रात्रि करीब 1 बजे सूचना मिली की एक कंटेनर नांगल कालियां से गाय भरकर गोकशी के लिए मेवात ले जा रहा हैं। इस सूचना पर गोरक्षा दल टीम नांगल चौधरी गोशाला के पास सर्विस रोड कोटपुतली पर खड़े हो गए। उसी दौरान एक कंटेनर नारनौल की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। गोरक्षा टीम ने उसे रुकने का ईशारा किया, लेकिन कंटेनर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय गोरक्षा दल के सदस्यों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास कर कंटेनर को भगा ले गया। गोरक्षा दल ने कंटेनर का पीछा करते हुए पुलिस को सूचित किया और नांगल नूनियां के पास घेराव कर गो तस्करों को कंटेनर सहित पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर सहित तीनों गो-तस्करों को अपने कब्जे में ले लिया और 6 गोवंश को बाबा मुकंदास गोशाला में छोड़ दिया। थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि बीती रात गो तस्करी के लिए जा रहा एक कंटेनर सहित तीन लोगों को पकड़ा गया हैं। जिन पर मुकदमा दर्ज लिया गया है। सभी गोवंश को गोशाला नांगल चौधरी में छुड़वा दिया गया है।