एसपी चंद्र मोहन व वकीलों के विवाद के बीच अधिवक्ता रणधावा सिंह यादव ने एसपी सहित 5 पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध न्यायालय में शिकायत दायर कर दी गई है। शिकायत भारतीय दंड संहिता की धारा 166, 167, 217, 218, 294, 323, 341, 352, 504, 506 व 120 बी के तहत दायर की गई है। उक्त शिकायत में सोमवार की तारीख थी किंतु आज दोपहर बाद न्यायाधीश के अवकाश पर चले जाने के कारण शिकायत में मंगलवार की तारीख दी गई है।
शिकायतकर्ता वकील रणधावा सिंह का आरोप है कि गत 2 मार्च को वह रोज की तरह अपने गांव भुंगारका से न्यायालय आ रहा था तो महावीर चौक पर कांस्टेबल सुधीर कुमार ने उसकी मोटरसाइकिल को रुकवाकर जबरन उसकी मोटर साइकिल की चाबी निकाल ली। विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौच की थी व जान से मारने की धमकी देकर उसे उकसाया। जब वह न्यायालय में आ गया तो एसपी चंद्र मोहन ने बिना एफआईआर दर्ज किए एक महिला एएसआई राकेश कुमारी को न्यायालय के कार्य समय में भेज कर रणधावा सिंह को थाने में बुलवाया। जब इस बात की सूचना अधिवक्ताओं को लगी तो वो थाने में गए उस समय थाने में एसएचओ की कुर्सी पर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन बैठे थे। अधिवक्ताओं को एसएचओ युद्धवीर सिंह ने कहा कि एसपी साहब ने उस वकील की वीडियो देखी है तथा वो बहुत गुस्से में हैं। एसएचओ ने यह भी कहा कि एसपी साहब तो वकील की अकड़ निकालने के लिए थाने में बैठे हैं। एसएचओ ने वकील की शिकायत भी नहीं ली, जिस पर वकील रणधावा सिंह ने उसी दिन एसपी चंद्र मोहन को डाक के माध्यम से अपनी शिकायत भेज दी थी।