नारनौल। नागरिक अस्पताल में बनाया गया ट्रॉमा सेंटर अब जल्दी शुरू होने वाला है। करीब दो सप्ताह से शेष कार्य को भी पूरा किया जा रहा है। ट्रॉमा सेंटर के लिए बेड और अन्य जरूरी सामान भी पहुंच गया है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि नए साल में शहर के लोगों को ट्राॅमा सेंटर की सुविधा मिल सकती है।
ट्रामा सेंटर को जल्द शुरू करने को लेकर सिविल सर्जन डाॅ. धर्मेंद्र सांगवान व एमएस डाॅ. आशा शर्मा ने भी निरीक्षण किया। करीब दो साल की देरी के बाद लोक निर्माण विभाग की तरफ से इसी माह के अंत तक ट्राॅमा सेंटर को तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके लिए पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) की तरफ से फायर फाइटिंग सिस्टम सहित अन्य कार्यों में थोड़ी बहुत कमी है जिसका कार्य चल रहा है।
नागरिक अस्पताल में यह ट्राॅमा सेंटर शुरू होने के बाद घायलों को बेहतर उपचार भी मिल सकेगा। वर्ष 2019 में 656.41 लाख रुपये की लागत से नागरिक अस्पताल परिसर में ट्राॅमा सेंटर भवन के साथ 200 बेड अस्पताल का निर्माण करने की योजना बनाई गई थी। इसके बाद कोरोना महामारी के चलते इसकी टेंडर प्रक्रिया का कार्य रुक गया। वैसे संबंधित कंपनी को 2022 में ट्राॅमा सेंटर भवन को स्वास्थ्य विभाग को सौंपने की योजना थी, लेकिन अब ट्राॅमा सेंटर में जरूरी सामान पहुंचना शुरू हो गया है और निर्माण कार्य भी करीब पूरा हो चुका है। संभावना जताई जा रही है कि अगले साल जनवरी में ट्राॅमा सेंटर शुरू हो जाएगा।
बाक्स
एक छत के नीचे मिलेगी सभी सुविधाएं
ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए सभी आपातकालीन सुविधाएं होंगी। इसमें न्यूरोलॉजी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, लेबोरेटरी, एक्स-रे सहित अन्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे ही मिलेंगी। इसके कारण मरीजों को किसी भी प्रकार की जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
वर्जन-
नागरिक अस्पताल में ट्राॅमा सेंटर के भवन का कार्य लगभग हो चुका है। थोड़ा बहुत बाकी है जो तेजी से किया जा रहा है। इस माह के अंत तक सेंटर को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।-अश्विनी कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।
वर्जन-
ट्राॅमा सेंटर का लगभग कार्य पूरा हो गया है। इसके लिए सभी जरूरी सामान भी आ गया है। लोक निर्माण विभाग जैसे ही सेंटर को स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगा, इसे शुरू करवा दिया जाएगा। ट्रॉमा सेंटर को जल्द शुरू करने के लिए टीम के साथ निरीक्षण भी किया है। प्रयास है कि नए साल में सेंटर शुरू कर दिया जाए।-डाॅ. धर्मेंद्र सांगवान, सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल