सीबीएसई बोर्ड की दसवीं दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ हो गई। पहले दिन दसवीं कक्षा की पेंटिंग विषय की परीक्षा महेंद्रगढ़ के सूरज स्कूल में आयोजित की गई। बुधवार को दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। वहीं 12वीं की परीक्षा 2 मई को होगी। पहला पेपर हिंदी का होगा। जिले में परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए है।
परीक्षा की नोडल अधिकारी मधू कौशिक ने बताया कि जिले में दसवीं के करीब 7100 व बारहवीं के 6211 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा के लिए महेंद्रगढ़ में 15 व नारनौल में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। उन्होंने बताया कि बोर्ड के निर्देशानुसार इस बार प्रत्येक कक्षा में दो सुपरिटेडेंट की ड्यूटी लगाई है ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार गड़बड़ी को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा का समय सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट का रखा गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि कोरोना की गाइडलाइन की पालना करते हुए एक कक्षा में केवल 18 बच्चों को ही बैठाया जाएगा। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को केवल पानी की ट्रांसपेरेंट बोतल ले जाने की अनुमति होगी। वहीं परीक्षार्थियों, सुपरिटेडेंट व अन्य स्टाफ को अनिवार्य रूप से मास्क लगाना होगा।
दस बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र में सुबह नौ बजे से ही विद्यार्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। 9.45 बजे तक विद्यार्थी परीक्षा कक्षा में पहुंच सकेंगे। बोर्ड की गाइडलाइन अनुसार विद्यार्थियों को दस बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके बाद 10:30 बजे से परीक्षा शुरू हो जाएगी। विद्यार्थियों के प्रवेश कार्ड पर उनके माता-पिता होना अनिवार्य है। परीक्षार्थियों को नीले या काले या जेल पने से परीक्षा देनी होगी। दसवीं की परीक्षाएं 24 मई और बारहवीं की 15 जून को समाप्त होगी।
विद्यार्थी इन बातों का रखें ध्यान
-परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पढ़ना छोड़ दें
- दो घंटे में ही पेपर हल जाए इसके लिए तेजी से लिखने के अभ्यास पर ध्यान देना होगा
-किसी भी सवाल को जब हल करने बैठे तो घड़ी अवश्य देख लें ताकि यह पता चल जाए कि उसे हल करने में कितना समय लिया है।
- 15 मिनट के रीडिंग आठम का सदुपयोग करें और सवालों के ऑप्शन का चयन कर लें।
-खुद को जो याह ही उसी को दोहराएं।
-छोटे सवालों पर ज्यादा समय खराब न करें।
परीक्षा के समय लेें अच्छी नींद
डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि परीक्षा की टेंशन में विद्यार्थी अपनी नींद खराब न करें। प्रतिदिन अच्छी नींद लें। फल एवं सब्जी ज्यादा खाएं और साथ ही पानी भी खूब पीएं। परीक्षा में जाने से पहले इस बात का ध्यान रखें कि बैग साथ लेकर न जाए।