सतनाली। सतनाली क्षेत्र में शुक्रवार रात को हुई सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। गाड़ी चालक ने बाइक को टक्कर मारने से हुई दुर्घटना में राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव सातौर निवासी रमेश कुमार की मौत हो गई। मृतक रमेश कुमार शुक्रवार को अपनी बहन के घर गांव सुरेहती आया था।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरहेती निवासी अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिला झुंझुंनू के गांव सातौर निवासी उसका मामा रमेश कुमार उनके घर आया और चाय पानी पीकर अपनी बाइक पर सवार होकर गांव जगरामबास के लिए चल पड़ा। वह भी अपने कार्य से अपनी बाइक पर सवार होकर उसके पीछे-पीछे सतनाली के लिए जा रहा था। वह रात के करीब एक बजे सतनाली के एक निजी पट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सामने से एक गाड़ी चालक अपनी गाड़ी को तेज गति, गफलत व लापरवाही से चलाता हुआ आया और गलत दिशा में आकर के रमेश कुमार की बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रमेश कुमार बाइक सहित गिर गया जिसको काफी चोटें लगी। इसके बाद वाहन का प्रबंध करके घायल रमेश कुमार को सरकारी अस्पताल सतनाली लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर रैफर कर दिया। इलाज के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भांजे अमित के बयान पर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात गाड़ी के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।