महेंद्रगढ़। हरियाणा राज्य परिवहन नारनौल डिपो ने केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लॉकडाउन के दौरान से बंद बस सेवा को सोमवार से बहाल कर दिया है। छात्र संगठन सदस्य अक्षय मालड़ा ने बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट-पाली में है जो शहर से काफी दूरी पर है। विश्वविद्यालय शुरू होने पर छात्र-छात्राओं का आवागमन बढ़ने पर उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छात्र संगठन ने नारनौल डिपो के महाप्रबंधक नवीन शर्मा से बस सेवा पुन: शुरू कराने की मांग की थी। सोमवार को बस नारनौल डिपो से सुबह 8.50 पर चलकर महेंद्रगढ़ बस अड्डे पर 9.20 पर पहुंचकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में पहुंची। जहां छात्र संगठन के सदस्यों ने बस चालक व परिचालक को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। वही डिपो महाप्रबंधक नवीन शर्मा , टीएम अमित कुमार, डीआई विक्रम यादव, अड्डा इंचार्ज वेद प्रकाश का आभार व्यक्त किया।
बता दें कि यह बस दिनभर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय व महेंद्रगढ़ बस स्टैंड के बीच चक्कर लगाएगी। शाम के समय यह बस केंद्रीय विश्वविद्यालय से नारनौल जाएगी। वहीं संगठन के सदस्य संदीप सेठ ने कहा की विश्वविद्यालय के गेट पर रोडवेज की बसों का ठहराव नहीं है उसको लेकर भी महाप्रबंधक से मांग की गई है कि गेट पर भी निर्देश देकर बसों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। विश्वविद्यालय में दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस मौके पर गजेंद्र, प्रवीन, यशपाल, जतिन, अमित, विनय सोनी, रमेश शर्मा, महेश, निहाल, देवेंद्र सहित अनेक छात्र मौजूद रहे।