Mahendragarh: भाजपा की विकसित भारत जन विश्वास रैली, नेताओं के पोस्टर चर्चा का विषय बने
Sun, 10 Dec 2023 02:12 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
सार
विकसित भारत जन विश्वास रैली में पार्टी हस्तक्षेप के बाद रैली स्थल पर लगाए गए अधिकांश भाजपा नेताओं के पोस्टर भी खासे चर्चा का विषय रहे। रैली में जहां पूर्व में भाजपा के अन्य नेता दूरी बनाए हुए थे वह भी पार्टी के हस्तक्षेप के बाद रैली में पहुंचे।
महेंद्रगढ़ के कनीना क्षेत्र के गांव दौगड़ा अहीर में विकसित भारत जन विश्वास रैली में जिलेभर से भारी भीड़ देखकर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गदगद नजर आ रहे हैं। सुबह 10 बजे रैली शुरू होने का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन मुख्यातिथि प्रदेश भाजपा प्रभारी बिप्लव देव व प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी 1:30 बजे पहुंचे। रैली में जहां पूर्व में भाजपा के अन्य नेता दूरी बनाए हुए थे वह भी पार्टी के हस्तक्षेप के बाद रैली में पहुंचे। रैली के लिए नांगल चौधरी विधायक डॉ. अभय सिंह यादव पिछले दो माह से तैयारियों में जुटे हुए थे।
विज्ञापन
पार्टी हस्तक्षेप के बाद रैली स्थल पर लगाए गए अधिकांश भाजपा नेताओं के पोस्टर भी खासे चर्चा का विषय रहे। रैली में पूर्व विधायक संतोष यादव, सीहमा पंचायत समिति चेयरमैन राजकुमार यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष कंवर सिंह, आरपीएस ग्रुप के सीईओ मनीष यादव, मंडल अध्यक्ष भोजावास मामन सिंह, महामंत्री अमित मिश्रा, पार्षद वचनाई नाथ, नांगल चौधरी पंचायत समिति चेयरमैन कर्मपाल यादव, आईटी प्रभारी सतीश खोला, किसान मोर्चा कर्मवीर बिहाली सहित विभिन्न गांवों से सरपंच नंबरदार मौजूद हैं। वहीं रैली में अहीरवाल के बड़े नेता माने जाने वाले राव इंद्रजीत सिंह के पोस्टर नहीं लगाए गए जो काफी चर्चा का विषय बने।