कनीना-रेवाड़ी रोड पर गांव भड़फ के पास हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में रेवाड़ी जिले के गांव मौतला खुर्द निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसका 22 वर्षीय भाई विकास कुमार कनीना किसी काम से आ रहा था। वीरवार रात में 12 बजे जब वह गांव मौतला खुर्द लौट रहा था तो गांव भड़फ के बस स्टैंड के पास खड़े ट्राले में उसकी बाइक टकार गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। देवेंद्र कुमार ने बताया कि ट्राला चालक ने न ही पीछे की लाइट जला रखी थी और न ही आगे-पीछे अवरुद्ध का सामान रखा हुआ था। गाड़ी पर रिफ्लेक्टर टेप भी नहीं लगी थी, जिसकी वजह से भाई को ट्रक नहीं दिखाई दिया और वह उसमें टकरा गया। पुलिस ने देवेंद्र के बयान पर नागरिक अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।