यादव सभा में आयोजित बैठक को संबोधित करते अनिल भगड़ाना।
- फोटो : Narnol
यादव सभा महेंद्रगढ़ के सौजन्य से स्थानीय यादव धर्मशाला में सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग के समुदायों, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में क्रीमीलेयर को आठ लाख रुपये वार्षिक से घटाकर 6 लाख रुपये वार्षिक करने और उसमें वेतन तथा कृषि आय को भी शामिल करने के फैसले को पिछड़ा वर्ग के हितों पर कुठाराघात बताया। वहीं आगामी मंगलवार को महेंद्रगढ़ सचिवालय में डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने का फैसला लिया। कार्यक्रम का संचालन हरियाणा युवा यादव सभा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अनिल भगडाना ने किया। बैठक में यादव समाज के अलावा सैनी समाज, गुर्जर समाज, प्रजापत समाज, स्वर्ण समाज, जांगड़ा समाज, स्वामी समाज तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए।
बैठक में प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मवीर यादव, गगन सैनी, रोशन लाल प्रजापति, गजराज यादव, रमेश सैनी, जितेंद्र ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने इस अधिसूचना को रद्द नहीं किया तो पूरे प्रदेश का पिछड़ा वर्ग एकत्रित होकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा और अपने बच्चों के भविष्य और नौकरियों तथा शिक्षा के लिए संविधान सम्मत आरक्षण को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
यादव सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव ने बताया कि बैठक में डीसी के महेंद्रगढ़ सचिवालय में आगमन पर उनके माध्यम से सरकार को ज्ञापन देने का फैसला किया और उनके अलावा महेंद्रगढ़ जिले तथा प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के तमाम विधायकों, सांसदों को ज्ञापन देने की बात भी कही।