नारनौल। महेंद्रगढ़ रोड स्थित बूथ से 24-25 की रात बदमाश एटीएम उखाड़ ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुख्य सरगना पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर वारदात में शामिल स्कार्पियो, एटीएम और दस हजार रुपये नकद बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ने वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं। अभी तक दो आरोपी ही गिरफ्तार किए गए हैं। 24-25 अप्रैल की रात बदमाश महेंद्रगढ़ रोड पर स्थित नारनौल पंचायत भवन के सामने स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ से मशीन को उखाड़ ले गए थे। इस मशीन में करीब 17 लाख 36 हजार 500 रुपये भरे हुए थे। बैंक के मैनेजर देवेंद्र कुमार ने इसकी शिकायत पुलिस दी थी। पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने डीएसपी राजीव कुमार की अध्यक्षता में चार टीमें गठित की थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा गुप्त सूत्रों की मदद से 72 घंटे के अंदर वारदात को सुलझाते हुए एक आरोपी को राहुल उर्फ चौड़ा निवासी अडबर जिला नूहं को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करते हुए एटीएम मशीन, स्कार्पियो और दस हजार रुपये नकदी बरामद किया है।
पुलिस ने अडबर गांव के कुएं से एटीएम मशीन बरामद की है, जिससे आरोपियों ने नकदी निकालकर कुएं में डाल दिया था। राजस्थान के नौगावां से आरोपियों द्वारा वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई स्कार्पियो बरामद की गई। पुलिस ने जांच करते हुए पता लगाया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने में चोरी की गाड़ी का प्रयोग किया, जोकि राजस्थान क्षेत्र से चुराई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई हुई थी। पुलिस ने आरोपियों से 10 हजार की नकदी बरामद की है। आरोपी से पूछताछ करते हुए पुलिस ने गिरोह के एक ओर सदस्य को बुधवार को नूह से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रफसान निवासी तड़कापुर नूहं के रूप में हुई है। आरोपी एटीएम उखाड़कर ले जाने की वारदात में शामिल था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।