मंडी अटेली। नगर पालिका के उपचुनाव में चुने गए पांच पार्षदों को एसडीएम मनोज कुमार ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाकर कार्यभार ग्रहण कराया। नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव प्रदीप कुमार ने शपथ ग्रहण कार्रवाई को कलमबंद कर दिया।
एसडीएम ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नगरपालिका का कस्बों में काफी महत्वपूर्ण रोल होता है। इसलिए सभी पार्षद आपस में मिलकर शहर के विकास व लोगों के कल्याण के लिए विशेष कार्य कर अपनी पहचान बनाएं। प्रशासन उनके कार्यों में सहयोग व साथ देगा। उन्होंने कहा कि नपा कस्बे में साफ-सफाई, बिजली, अतिक्रमण मुक्त व दूसरे कार्य करें ताकि लोगों का सहूलियत मिल सके। उन्होंने कहा कि 2023 तक चलने वाले नपा के कार्यकाल के समय कर्तव्यनिष्ठा से जनता के हित में विकास कार्य कराए। किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो उन्हें अवगत कराएं ताकि उसका निपटारा किया जाए। इस दौरान पार्षदों व कस्बा वासियों ने बिजली की समस्या से अवगत कराया। जिस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारी को अवगत कराने के साथ-साथ उच्चाधिकारियों को भी शिकायत भेजकर अवगत करवाने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि मई 2018 में नगरपालिका के सभी 11 वार्डों का चुनाव हुआ था। इसमें वार्ड नंबर 4 के संजय गोयल व वार्ड नंबर 6 से जतिन अग्रवाल को निर्विरोध चुना गया था। अन्य 9 वार्डों में मतदान के तहत पार्षद चुने गए थे, लेकिन हाउस की बैठकों में उपस्थित नहीं होने के कारण वार्ड नंबर 3, 4, 7, 8 व 9 के पार्षदों को शहरी स्थानीय निकाय अतिरिक्त मुख्य सचिव ने 22 मई 2019 को पद मुक्त कर दिया था। इसके चलते 12 सितंबर को इन पांच वार्डों के लिए उपचुनाव करवाए गए। उपचुनाव में जीत हासिल करके पांच पार्षदों ने शुक्रवार को शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में नपा चेयरमैन जतिन अग्रवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, राकेश अग्रवाल, शिवचरण गोयल, अनिल गुप्ता, धर्मेंद्र गर्ग, विष्णु प्रसाद गोयल, महेश जांगिड़ व अरविंद गुप्ता मौजूद रहे।
- इन वार्डों के पार्षदों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड नंबर 3 से अश्वनी कुमार, वार्ड नंबर 4 से संजय गोयल, वार्ड नंबर 7 से हितेश मुदगिल, वार्ड नंबर 8 से जितेंद्र सिंगल तथा वार्ड नंबर 9 से शिवानी गर्ग ने नियमानुसार अनुसार शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में 11 पार्षदों में से चेयरमैन सहित पांच पार्षदों ने हिस्सा लिया। जबकि पांच पार्षदों ने दूरी बनाए रखी। वार्ड नंबर 1 से विकास यादव, वार्ड नंबर 2 से अशोक जांगिड़, वार्ड नंबर 5 से स्नेह लता, वार्ड नंबर 10 से सरोज देवी व वार्ड नंबर 11 से प्रमिला देवी ने दूरी बनाए रखी।