शव को पंप हाउस से निकालते गोताखोर । संवाद
- फोटो : Narnol
नांगल दर्गु की डिग्गी में नहाने गए 35 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। लगभग 16 घंटे तलाशी के बाद स्टेट डिजाइस्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) भौंडसी गुरुग्राम की टीम ने शनिवार को दोपहर 11 बजे शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने नागरिक अस्पताल नारनौल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव मेघोत हाला निवासी रजनीकांत (35) नांगल दर्गु धुलेंडी खेलकर अपने साथियों के साथ नहाने गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में डूब गया। वह काफी देर तक जब बाहर नहीं आया तो साथियों ने आवाज लगाकर ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रजनीकांत को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना पाकर मौके पर पहुंची निजामपुर पुलिस ने शव को निकालने के लिए स्थानीय गोताखोरों को हायर किया, लेकिन वो भी रजनीकांत का पता नहीं लगा पाए। पुलिस ने एसडीआरएफ भौंडसी, गुरुग्राम से स्पेशल गोताखोर बुलवाए। छह सदस्यों की टीम के लिए सोनीपत से स्पेशल किट मंगवाई गई। टीम ने शाम छह से 11 बजे तक तलाश की। इसके बाद फिर सुबह छह से 11 बजे तक उसकी तलाश की। इस दौरान रजनीकांत मिला। उसको नागरिक अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई महेंद्र के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई की है। मृतक खेतीबाड़ी करता था। उसकी पत्नी की तीन साल पर सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। मृतक का एक बेटा है।