धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जांच के बाद शहर थाना नारनौल में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
घाटासेर निवासी ममता देवी ने जनवरी में कुछ लोगों द्वारा धोखाधड़ी करके उसके करोड़ों रुपये बैंक खाते से निकालने व वापस मांगने पर धमकी देने की शिकायत गृह मंत्री अनिल विज को भेजी थी। जिसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर शहर थाना में मामला दर्ज किया था। इस मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार द्वारा की गई। जांच के बाद शहर थाना पुलिस ने राजकुमार, महेश, सुमन लता निवासी बैरावास तथा बैंक सेल्स मैनेजर पंकज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में ममता देवी ने बताया कि उसके पति महीपाल सिंह सीआरपीएफ में नौकरी करते थे। 9 अप्रैल 2019 को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान उनकी मौत हो गई थी। उसकी कृषि भूमि ग्राम घाटासेर में है, जोकि 2017 में सरकार द्वारा निर्माणाधीन लॉजिस्टिक हब के लिए अधिगृहीत की गई थी। जमीन की एवज में उसके पति महीपाल के खाते में कुल 76 लाख 75 हजार रुपये आए थे। उनमें से 40 लाख रुपये उसके खाते में थे। पति के मरने के बाद सीआरपीएफ की तरफ से लगभग 45 लाख रुपये मिले थे। पति के मरने के बाद शिकायतकर्ता का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। जिस वजह से उसके पति की नौकरी की कागजी कार्रवाई व पैसों का लेन-देन राजकुमार द्वारा किया गया। राजकुमार ने उनके सभी अकाउंट में अपने मोबाइल नंबर देकर उसके पति के मरने के बाद 3 महीने के अंदर ही लगभग 1 करोड़ 21 लाख 75 हजार रुपये सभी ने मिलीभगत कर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। उसके पति के बैंक के खाते से सारे पैसे निकाल कर उक्त खाते को बंद करवा दिया है। उसकी पेंशन एसबीआई नारनौल में आती है। जब वह बैंक में पैसे निकलवाने गई तो बैंक अधिकारी ने बताया कि उक्त अकाउंट से पैसा उक्त व्यक्ति यूपीआई से अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते हैं। जिस पर बैंक अधिकारी ने उसे एक नया एटीएम कार्ड बनवाकर दिया। पैसे निकलने पर उसके पास कोई संदेश नहीं आता था। जिसकी शिकायत उसने बैंक के कर्मचारी को कई बार दी थी। जब वह 14 अक्तूबर 2021 को उक्त लोगों के घर पर पैसे मांगने गई तो उक्त सभी ने उसके साथ गाली-गलौज के अलावा पिटाई की। वहीं पैसे नहीं देने सहित जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने उक्त मामले में चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।