नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नारनौल में दाखिला प्रक्रिया जारी है। दाखिला प्रक्रिया के दौरान अब तक चार मेरिट सूची घोषित की जा चुकी है। चार मेरिट सूची जारी होने के बाद अब तक पुरुष आईटीआई में उपलब्ध कुल 872 सीट में से 454 सीट पर दाखिला हुआ है।
वहीं महिला आईटीआई में उपलब्ध कुल 288 सीट में से 73 सीट पर दाखिला हुआ है। पुरुष आईटीआई में अभी 418 और महिला आईटीआई में अभी 215 सीट पर दाखिला होना बाकी है। रिक्त सीट पर दाखिले के लिए उच्च विभाग द्वारा नए शेड्यूल को जारी किया गया है।
12 अगस्त से 23 अगस्त तक संस्थान स्तर पर ओपन काउंसिलिंग के तहत दाखिले किए जाएंगे। छात्र-छात्राएं दाखिले के लिए 12 अगस्त से 23 अगस्त तक आईटीआई में जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद संस्थान द्वारा मेरिट सूची घोषित की जाएगी। दाखिला लेने के लिए छात्र को उसी दिन फीस जमा करवाना अनिवार्य हैं, जिस दिन उनका चयन किया गया है।
12 से 23 अगस्त तक प्रतिदिन होंगे संस्थान स्तर पर दाखिले
दाखिला प्रक्रिया के दौरान जो छात्र-छात्राएं किसी कारण वश आवेदन नहीं कर पाए थे, वह 8 अगस्त से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले छात्रों को पहले पसंदीदा कोर्स के साथ-साथ वैकल्पिक कोर्स का भी चुनाव करना होता था। ओपन काउंसिलिंग के तहत होने वाले दाखिले के तहत विभिन्न कोर्स में जो सीट रिक्त है, अब उन्हीं पर दाखिला होना है। ऐसे में छात्र रिक्त सीट की लिस्ट देख कर अपने मनपसंद कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। ओपन काउंसिलिंग के तहत 12 अगस्त से 23 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक आवेदन किए जाएंगे, जिसके बाद दोपहर 2 बजे मेरिट लिस्ट घोषित की जाएगी।
आईटीआई में विभिन्न कोर्स के अंदर रिक्त सीट पर दाखिले के लिए नए शेड्यूल को जारी किया गया है। इसके तहत 12 अगस्त से 23 अगस्त तक संस्थान स्तर पर ओपन काउंसिलिंग के तहत दाखिले किए जाएंगे। जो छात्र किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए थे या फिर जिन छात्रों को मनपसंद कोर्स नहीं मिलने के कारण दाखिला नहीं ले पाए थे। उन छात्रों के लिए यह सुनहरा मौका है।
-विनोद खनगवाल, प्राचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नारनौल