नारनौल। सदर थाना नारनौल क्षेत्र में अगस्त 2021 में जमीन को लेकर हुई मारपीट में घायल वीरेंद्र की इलाज के दौरान मौत मामले में सदर थाना पुलिस टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिम्मत निवासी सेका के रूप में हुई है। वह पहले आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पता लगाया कि भूषण कलां गांव में आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में वीरेंद्र निवासी भूषण कलां घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भूषण कलां गांव में जमीनी विवाद के चलते हुए लड़ाई-झगड़े में घायल वीरेंद्र ने सदर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज करवाई कि जमीन को लेकर रंजिश के चलते कुछ व्यक्तियों ने उसके साथ लोहे की पाइप और डंडों से मारपीट की है। पीड़ित ने बताया कि योजनाबद्ध उसे पार्टी करने के लिए बुलाया और लोहे की पाइप और डंडों से उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आस-पास के लोगों को एकत्रित होते देख हमलावर भाग गए। चोट ज्यादा होने की वजह से उपचार के दौरान पीड़ित की मृत्यु हो गई। इस पर थाना सदर नारनौल में नामजद पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। मामले की जांच करते हुए पुलिस मामले में मुख्य आरोपी विकास और अन्य दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जो पुलिस ने एक ओर आरोपी हिम्मत को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।