शहर की सब्जी मंडी स्थित जूस की दुकान के गल्ले से नकदी चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चोरी की गई 1600 रुपये नकदी भी बरामद कर ली गई है।
शहर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि मोहल्ला सैनीपुरा निवासी रोशनलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सब्जी मंडी के पास उसकी जूस की दुकान है। मंगलवार रात को चोर ने दुकान के गल्ले का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली थी। शिकायतकर्ता ने एक नामजद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवकुमार निवासी नारनौंद, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से चुराए गए 1600 रुपये भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।