छह साल से विकास की बाट जोह रहे शहरवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। नपा के खाते में सरकार द्वारा 7.50 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। इस राशि से छह विकास कार्य करवाने की योजना तैयार कर सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजी जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा। योजना में हुड्डा पार्क के पास खाली पड़ी जमीन में पार्क बनाने से लेकर पुराने किले के पास 1.50 करोड़ की लागत से आधुनिक पार्किंग भी शामिल है। इसके अलावा शहर में नपा की खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जे न हों इसके लिए सभी प्लाटों की चहारदीवारी की योजना बनाई गई है।
1.50 करोड़ की लागत से बनेगी आधुनिक पार्किंग
शहर के प्राचीन किले के पास 1.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग नहीं होने की वजह से शहर में दिनभर जाम लगा रहता है। पार्किंग का निर्माण करने से शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिलने के साथ-साथ नपा के राजस्व में भी वृद्धि होगी। इस आधुनिक पार्किंग में टीन शेड से लेकर अन्य प्रकार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्लाटों की चहरदीवार पर खर्च किए जाएंगे दो करोड़
शहर में नपा की खाली पड़ी जमीन व प्लाटों को अवैध कब्जों से बचाने के लिए उन पर 2 करोड़ रुपये की लागत से चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। जब से नपा का कार्यकाल पूरा हुआ है तब से शहर में लगातार अवैध कब्जे हो रहे हैं। आए दिन लोग भी अवैध रूप से निर्माण कर नपा की जमीन को कब्जा रहे हैं। ऐसे में नपा की जमीन को सुरक्षित करने के लिए यह योजना बनाई गई है।
2 करोड़ से स्ट्रीट लाइटें की जाएंगी ठीक
शहर में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों का अभाव है। अब 2 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइटों की दशा सुधारने के लिए लाइट मीटर एवं कैंडक्टर केबल लगाई जाएंगी, जिससे बार-बार लाइटों के खराब होने से छुटकारा मिलेगा तथा शहर में रात के समय पर्याप्त मात्रा में रोशनी रहेगी।
50 लाख की लागत से मोहल्ला सैनीपुरा में बनेगा कम्यूनिटी सेंटर
मोहल्ला सैनीपुरा में 50 लाख रुपये की लागत से कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से शहर में कम्यूनिटी सेंटर की मांग की जा रही थी। इसमें बड़े स्तर के सार्वजनिक आयोजन हो पाएंगे।
1 करोड़ की लागत से विकसित होगा पार्क
शहर के एकमात्र हुड्डा पार्क के साथ लगती खाली पड़ी जमीन में पार्क विकसित करने के लिए 1 करोड़ का बजट खर्च करने की योजना बनाई गई है। हुड्डा पार्क में शामिल होने से पार्क का दायरा भी बढ़ेगा तथा इसमें पौधे एवं घास लगाने के साथ-साथ अन्य प्रकार की सुंदरता की व्यवस्था की जाएगी।
50 लाख में बेसहारा गोवंश को मिलेगा सहारा
शहर में घूम रहे बेसहरा गोवंशों को आश्रय देने के लिए 50 लाख रुपये की लागत से नंदीशाला की चहारदीवारी बनाई जाएगी। यह योजना सिरे चढ़ी तो शहरवासियों को बेसहारा घूम रहे गोवंशों से समस्याओं से छुटकारा भी मिलेगा। बता दें कि इस समय शहर में करीब 400 बेसहारा गोवंश गलियों से लेकर मुख्य बाजारों में घूम रहा है, जिससे दिनभर लोगों को परेशानी होने के साथ-साथ इनसे जाम जैसी स्थिति बनी रहती है।
नपा के खाते में सरकार द्वारा 7.50 करोड़ रुपये की राशि डाली जा चुकी है। अब शहर में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं रहेगी। विभिन्न विकास कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर भेजा जाएगा जिसके बाद स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। योगेश कुमार, एमई, नगरपालिका महेंद्रगढ़।