संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कंग कालोनी में वीरवार शाम हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से 25 वर्षीय अमरगढ़ मझाड़ा निवासी गौरव पांचाल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक करीब आठ से 10 फुट लंबी गीली सीढ़ी लेकर निर्माणाधीन मकान की ओर जा रहा था। सीढ़ी उठाते समय पास से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गई। तेज करंट लगने से गौरव के हाथ-पैर झुलस गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गौरव के चचेरे भाई अभिषेक पांचाल ने बताया कि गौरव ठेकेदार के साथ बिजली का काम करता था। हादसे के बाद सीढ़ी में आग लग गई और नीचे गिरते ही वह टूटकर बिखर गई। करंट का असर इतना तेज था कि मकान के लेंटर में भी छेद हो गया। उन्होंने बताया कि सीढ़ी काफी भारी थी और गौरव को ठेकेदार ने इसे दूसरे मकान से लाने के लिए अकेले भेजा था। सीढ़ी गीली थी और उसे उठाते समय बिजली की लाइन से संपर्क हो गया। अभिषेक ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
काॅलोनी निवासी बंटी ने आरोप लगाया कि हाईवोल्टेज लाइन को हटाने के लिए बिजली निगम को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही इस लाइन के कारण पहले भी खतरा बना रहा है।
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी व जांच अधिकारी महेश ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
-
पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
परिजनों के अनुसार गौरव परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। छोटा भाई राहुल अभी पढ़ाई कर रहा है, जबकि मां मूक-बधिर हैं। ऐसे में घर की आर्थिक जिम्मेदारी गौरव पर ही थी।
छह माह में ही हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से हो चुकी हैं छह मौतें
12 जून - झांसा रोड पर ढाबा संचालक राहुल उर्फ भोलू की 11 केवी लाइन की चपेट में आने से मौत।
14 जून - लाडवा रोड की शंकर कालोनी में सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर पृथ्वी सिंह और शमशेर सिंह, दोनों की 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से मौत।
10 जुलाई - धंतौड़ी गांव में दो सगे भाइयों बलविंदर उर्फ बिंदा और नाथी राम की 11 हजार वोल्ट लाइन से करंट लगने से मौत।
बॉक्स
उठा चुके हैं लटकते हुए तारों का मुद्दा, आज तक नहीं हुआ काम
जिला कष्ट निवारण कमेटी में शहर वासियों ने शहर की कई काॅलोनियों में नीचे लटकते हुए तारों व घर के बिल्कुल नजदीक से निकलने वाली लाइनों को ठीक करने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं। हर बार मंत्री के सामने बिजली निगम जल्द लटकते तारों को बदलने व मकानों के बिल्कुल करीब से निकल रही लाइनों को हटाकर दूर करने का आश्वासन दे चुका है, परंतु हकीकत मैं जमीन पर आज तक इसका सर्वे तक नहीं हो पाया है। लाइनें दुरूस्त करने की बात तो दूर है।