कुरुक्षेत्र। सावन मास की हरियाली अमावस्या पर बुधवार को ब्रह्मसरोवर में स्नान करने आए जींद निवासी श्रद्धालु की डूबने से मौत हो गई। नहाते समय वे रैलिंग पार कर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
करीब पांच घंटे की तलाश के बावजूद बुधवार देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। वीरवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई, जिसके बाद लगभग 15 घंटे बाद एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकाल लिया।
विज्ञापन
पर्यटक पुलिस चौकी प्रभारी व जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जींद जिले के धारोड़ी गांव निवासी करीब 51 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि कुलदीप हरियाली अमावस्या पर स्नान करने के लिए ब्रह्मसरोवर आया था। बुधवार शाम वह सरोवर में स्नान करने के लिए उतरा। इसी दौरान वह रैलिंग पार कर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने उसे पानी में तैरते हुए देखा था। इसके बाद वह नहीं दिखा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सरोवर के किनारे कुलदीप के कपड़ें और जूते भी मिले थे। पुलिस ने उनकी जांच की, लेकिन कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। शव की पहचान के लिए पुलिस ने सभी थानों में मृतक की फोटो भेजी, जिसके आधार पर जींद के धारोड़ी गांव निवासी कुलदीप के रूप में पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को सूचित कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया। जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है।