लाडवा। हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान यमुनानगर जिले के शाहजादपुर निवासी 54 वर्षीय मनजीत कौर के रूप में हुई है। मनजीत कौर मानसिक रूप से परेशान थीं।
उनके पति शिवपाल ने किसी भी साजिश या आपराधिक आशंका से इन्कार किया है। थाना लाडवा पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत इत्तफाकिया कार्रवाई दर्ज की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी राजीव ने यह जानकारी दी। शिवपाल ने बताया कि मनजीत कौर सोमवार सुबह करीब 10 बजे बुढ़िया गांव के पास नहर किनारे टहलने गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पैर फिसलने से हादसा
शिवपाल को हिनौरी पुल के पास नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी पत्नी का पैर फिसल गया था। इससे वह नहर में गिरकर डूब गईं। शिवपाल ने किसी पर कोई संदेह नहीं जताया और कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। डायल-112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई।